Dhaara News

नालंदा परिसर आने वाली पीढिय़ों के लिए बहुत महत्वपूर्ण सौगात : डॉ. रमन सिंह

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने राजनांदगांव प्रवास के दौरान आज ऊर्जा पार्क में नगर विकास के अंतर्गत लगभग 25 करोड़ रूपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज लगभग 30 लाख रूपए लागत के पुष्पवाटिका में निर्मित फिश एक्वेरियम का लोकार्पण किया। इसके साथ लगभग 12 करोड़ रूपए लागत के नालंदा परिसर तथा लगभग 12 करोड़ रूपए की लागत से मूलभूत सुविधा के तहत रोड, नाली, सामुदायिक भवन, मंच, उद्यान, प्रवेश द्वार, शेड निर्माण सहित विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि विकास के नये आयाम और नई दरवाजे खुल रहे हैं। नई पीढ़ी के निर्माण के लिए नालंदा परिसर बड़ा कारगर सेंटर बनेंगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नालंदा परिसर जब किसी शहर में आ जाए तो हजारों युवकों में परिवर्तन लाता है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव के विकास के बड़े कार्यों में मेडिकल कॉलेज, स्टेडियम के साथ अब नालंदा परिसर जुड़ जाएगा। नालंदा परिसर बनने से युवा पीढ़ी के निर्माण का कार्य होगा। नालंदा परिसर 24 घंटे खुला रहेगा। यहां हजारों बच्चे रजिस्ट्रेशन कराएंगे। इस नालंदा परिसर से हजारों बच्चे सीजीपीएससी, यूपीएससी, पुलिस, शिक्षक, आईआरएस जैसी विभिन्न भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। इस नालंदा परिसर में इंटरनेट से कनेक्ट 50 कम्प्यूटर और लैपटॉप रहेंगे और दुनिया की सारी जानकारी यहां से ले सकेंगे। यह रायपुर के नालंदा परिसर जैसे होगा। वहां के हजारों बच्चे अलग-अलग परीक्षाओं में पास हो चुके है। आने वाली पीढिय़ों के लिए नालंदा परिसर बहुत महत्वपूर्ण सौगात होगी।

सांसद  संतोष पाण्डेय ने कहा कि नालंदा परिसर राजनांदगांव के लिए ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर छत्तीसगढ़ के कुछ ही जगहों पर है। उन्होंने कहा कि 500 बच्चे एक साथ बैठकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं। महापौर  मधुसूदन यादव ने कहा कि दंतेवाड़ा और रायपुर के तर्ज पर छात्र-छात्राओं को नालंदा परिसर की सौगात मिलेगी। यह परिसर 24 घंटे चलने वाला परिसर होगा। इसमें 500 बच्चे अध्ययन कर सकेंगे। सीजीपीएससी, यूपीएससी, व्यापम और बहुत सारे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।

कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने स्वागत उद्बोधन देते हुए बताया कि लगभग 25 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। उन्होंने बताया कि शहर में लगभग 12 करोड़ रूपए की लागत से नालंदा परिसर बनेगा। इसमें 500 बच्चे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयार कर सकेंगे। यह 24 घंटे संचालित होगी। यहां 2 लेक्चर हॉल का निर्माण किया जाएगा। 10 हजार किताबों की लायब्रेरी होगी। 50 सीटर इंटरनेट सहित कम्प्यूटर होंगे जिससे बच्चें ऑनलाईन पढ़ाई कर सकेंगे। यह भवन पूर्ण रूप से वातानुकुलित होगी। उन्होंने बताया कि पुष्पवाटिका में निर्मित फिश एक्वेरियम का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक  सचिन बघेल, अध्यक्ष पर्यटन मंडल  नीलू शर्मा,  कोमल सिंह राजपूत, पूर्व सांसद  प्रदीप गांधी,  खूबचंद पारख,  रमेश पटेल,  दिनेश गांधी,  राजेन्द्र गोलछा,  संतोष अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त  अतुल विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं नगरवासी उपस्थित थे।

dhaaranews
Author: dhaaranews

Facebook
Twitter
WhatsApp
Reddit
Telegram

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमसे जुड़े

Weather Forecast

DELHI WEATHER

Gold & Silver Price

पंचांग