
दुर्ग, 05 जनवरी 2026: छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री और कांग्रेस नेता ताम्रध्वज साहू ने आज दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गनियारी और नगपुरा में स्थित सेवा सहकारी समिति मर्यादित के धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर मौजूद किसानों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना।
निरीक्षण के बाद साहू ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की अव्यवस्थाओं और लापरवाही का खामियाजा आज अन्नदाता किसानों को भुगतना पड़ रहा है। धान खरीदी जैसे संवेदनशील मुद्दे पर सरकार की उदासीनता पूरी तरह उजागर हो चुकी है।
साहू ने आरोप लगाया कि एक ओर धान खरीदी की प्रति एकड़ सीमा (21 क्विंटल) नहीं बढ़ाई जा रही, जिससे कई किसान अपनी पूरी उपज नहीं बेच पा रहे हैं। दूसरी ओर धान खरीदी केंद्रों पर भंडारण क्षमता से अधिक स्टॉक जमा हो गया है, लेकिन समय पर उठाव नहीं हो पाने के कारण खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह बाधित हो रही है। इससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, “किसान अपना धान बेचने के लिए केंद्रों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन जगह की कमी और उठाव न होने से खरीदी रुकी हुई है। यह सरकार की नाकामी का प्रमाण है।”
बता दें कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य सरकार ने 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक धान खरीदी की अवधि निर्धारित की है, जिसमें प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। हालांकि, कांग्रेस लगातार इस सीमा को बढ़ाने और उठाव व्यवस्था सुधारने की मांग कर रही है।
उक्त मौके पर क्षेत्र के किसान व कांग्रेस पार्टी के कई पदाधिकारी, नेता मौजूद रहे.