
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां बिजली कनेक्शन लगवाने के नाम पर एक जेई (जूनियर इंजीनियर) रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद हो गया। वायरल वीडियो के आधार पर बिजली विभाग ने जेई शांतनु वर्धन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह पूरा मामला ग्राम पंचायत भेंडरी का बताया जा रहा है, जहां विद्युत विभाग के जेई शांतनु वर्धन एक ग्रामीण से बिजली कनेक्शन के एवज में रुपए लेते नजर आ रहे हैं। वीडियो में जेई खुद रुपए गिनते दिख रहे हैं और साथ ही यह भी कहते सुने जा सकते हैं कि “मेरे साथ जो आदमी बैठा है, उसे भी कुछ दे दीजिए।”
कैसे हुआ खुलासा?
पीड़ित ग्रामीण ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और इसकी शिकायत वीडियो सहित बलरामपुर कलेक्टर के जनदर्शन कार्यक्रम में दर्ज कराई। शिकायत पर बिजली विभाग के अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए JE के खिलाफ तत्काल जांच शुरू की और प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर उसे निलंबित कर दिया गया।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
इस मामले में प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ने एक सकारात्मक संदेश दिया है कि सरकारी सिस्टम में भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि रिश्वतखोरी जैसी घटनाओं पर “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जा रही है।








