
बिलासपुर के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम के 18 वार्डों में से 12 वार्डों में मण्डल और सेक्टर कमेटी गठन को लेकर मोपका स्थित ठाकुर देव परिसर में ब्लॉक कांग्रेस बेलतरा की अति आवश्यक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी विजय केसरवानी ने की।
विजय केसरवानी ने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस को ज़मीनी स्तर पर सक्रिय और मजबूत बनाना आवश्यक है। इसके लिए बूथ, सेक्टर और मण्डल कमेटी को पावरफुल बनाया जाएगा। इन समितियों के पदाधिकारी प्रदेश कांग्रेस से सीधे संपर्क में रहेंगे और भाजपा की कथनी व करनी को जनता के बीच उजागर करेंगे।
मण्डल और सेक्टर कमेटी में 21 सदस्यों का समावेश होगा, जिसमें सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व होगा। अजा, अनजा, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और महिलाएं इसमें शामिल होंगी। साथ ही कमेटी में 50% युवा वर्ग को भी जोड़ा जाएगा। कमेटी में अध्यक्ष, एक कोषाध्यक्ष, एक सोशल मीडिया समन्वयक, तीन उपाध्यक्ष, तीन सचिव, तीन सहसचिव और नौ कार्यकारिणी सदस्य होंगे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रभारी देवेंद्र सिंह ने शीघ्र कमेटी गठन के निर्देश दिए। बैठक में कई कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे।
साथ ही गौ रक्षा के लिए गौ माता की पूजा-अर्चना भी की गई। जिला अध्यक्ष ने किसानों से आग्रह किया कि वे अपने मवेशी सड़कों पर न छोड़ें ताकि दुर्घटना न हो।
बेलतरा क्षेत्र के 12 वार्डों के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जिनमें मनीष गढ़ेवाल, भुवनेश्वर यादव, रामायण साहू, संजय भास्कर, कमलेश मानिकपुरी, संध्या तिवारी सहित कई अन्य शामिल हैं। सभी प्रभारीयों को दो दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट जिला कांग्रेस कमेटी को सौंपनी होगी।








