Dhaara News

विदेश दौरे से लौटेंगे CM विष्णुदेव साय, रायपुर में होगा भव्य स्वागत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने पहले 10 दिवसीय विदेश दौरे से लौटने वाले हैं। वे  30 अगस्त को रायपुर पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए रायपुर शहर जिला भाजपा ने विशेष तैयारियां की हैं। विवेकानंद एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है।

इसको लेकर गुरुवार को रायपुर शहर जिला भाजपा की तैयारी बैठक हुई। बैठक में सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल और जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्वागत में अधिक से अधिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हों। योजना के तहत एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री निवास तक भव्य स्वागत रैली निकाली जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का यह विदेश दौरा उद्योग और निवेश के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। वे जापान और दक्षिण कोरिया गए थे। जापान की ओसाका में उन्होंने वर्ल्ड एक्सपो का दौरा किया और कई उद्योगपतियों से मुलाकात की। वहीं सियोल में उन्होंने दक्षिण कोरिया के सबसे बड़े व्यापार संगठन कोरिया इंटरनेशनल ट्रेड एसोसिएशन (KITA) के चेयरमैन जिन सिक युन और वाइस प्रेसिडेंट किम की ह्यून से भेंट की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विदेशी निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के अवसरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण, बेहतर संसाधन और तेज़ी से विकसित हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है।

अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के रायपुर लौटने पर भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश देखने को मिलेगा। उम्मीद है कि इस भव्य स्वागत से पार्टी का उत्साह और भी बढ़ेगा।

dhaaranews
Author: dhaaranews

Leave a Comment