
रिसाली नगर निगम वार्ड 11, मरोदा सेक्टर से भाजपा नेता और छाया पार्षद यूएस पवार पर लकड़ी चोरी का गंभीर आरोप लगा है। तीन दिन पहले आई तेज आंधी और बारिश से भिलाई शहर और टाउनशिप इलाके में कई पेड़ गिर गए थे। इन्हीं गिरे हुए पेड़ों की लकड़ी को पवार के बेटे नवनीत पवार ने ट्रक में लोड करवाकर अपने ढाबा और ईंट भट्ठे में उपयोग के लिए ले जाने की कोशिश की।
बीएसपी के हॉर्टिकल्चर विभाग के जीएम डॉ. एनके जैन को मामले की भनक लगी तो उन्होंने रिसाली नगर निगम के सभापति केशव बंछोर को सूचित किया। मौके पर पहुंचे बंछोर ने लकड़ी से भरे ट्रक को रंगे हाथ पकड़ लिया और ट्रक को मैत्री बाग जू में खड़ा करवाकर लकड़ी उतरवा दी।
सभापति बंछोर ने बताया कि नवनीत पवार खुद आरा मशीन और कर्मचारियों को लेकर पहुंचा था। उसने खड़े होकर पेड़ों को कटवाया और ट्रक में लकड़ी लोड करवा रहा था। हालांकि, बीएसपी प्रबंधन ने इस घटना पर कोई कार्रवाई नहीं की और न ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
बंछोर ने टाउनशिप के निवासियों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, क्योंकि इस तरह पेड़ों और डिवाइडर की पौधों की चोरी लगातार हो रही है। उनका कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी लापरवाह हैं, जिससे ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं।








