Dhaara News

बस्तर दशहरा में पहली बार शामिल होंगे अमित शाह, मां दंतेश्वरी की करेंगे पूजा

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बस्तर दौरे पर आज ऐतिहासिक बस्तर दशहरा में शामिल होंगे। यह पहला मौका है जब कोई केंद्रीय गृहमंत्री इस पारंपरिक पर्व में हिस्सा ले रहा है। शाह आज मां दंतेश्वरी के मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और मुरिया दरबार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उनके इस दौरे को लेकर बस्तर में उत्साह का माहौल है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अमित शाह का यह दौरा बस्तर के लिए ऐतिहासिक और सम्मान का विषय है। दशकों पुरानी परंपरा से जुड़ा बस्तर दशहरा अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बनेगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री के आने से बस्तर की संस्कृति, आस्था और परंपरा को नई पहचान मिलेगी।

नक्सलवाद के खात्मे पर बात करते हुए उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि देश के गृहमंत्री ने मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का जो संकल्प लिया है, उस दिशा में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि नक्सली संगठन अब कमजोर हो चुका है। पोलित ब्यूरो में सिर्फ चार सदस्य बचे हैं और सीसी (सेंट्रल कमेटी) के सदस्य भी काफी कम हो गए हैं।

शर्मा ने विश्वास जताया कि अमित शाह बस्तर दौरा राज्य में शांति और विकास के नए युग की शुरुआत साबित होगा। उन्होंने कहा कि उचित समय आने पर छत्तीसगढ़ नक्सलवाद मुक्त राज्य के रूप में उभरेगा, जो यहां के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।

dhaaranews
Author: dhaaranews

Leave a Comment