Sukma: सुकमा जिले के अंदरूनी इलाके में एक बार फिर नक्सली गतिविधि की खबर सामने आई है. गादीरास थाना क्षेत्र के गोंदपल्ली पंचायत अंतर्गत माटेमपारा और मुसलपारा के बीच बन रही पुलिया के निर्माण स्थल पर ग्रामीण वेशभूषा में पहुंचे नक्सलियों ने पोकलेन मशीन को ढोने वाली शिफ्टर ट्रक सीजी 13 एलए 92955 में आग लगाने का प्रयास किया. हालांकि मौके पर मौजूद कर्मचारियों की तत्परता से आग को तुरंत बुझा दिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया.
जानकारी के अनुसार गोंदपल्ली पंचायत के माटेमपारा और मुसलपारा के बीच पुलिया निर्माण का कार्य चल रहा है. इसी दौरान कुछ लोग ग्रामीण वेशभूषा में निर्माण स्थल पर पहुंचे. कर्मचारियों को पहले वे सामान्य ग्रामीण लगे, लेकिन बाद में उनके नक्सली होने की आशंका जताई गई. नक्सलियों ने मौके पर खड़ी पोकलेन मशीन को ले जाने वाली शिफ्टर ट्रक को निशाना बनाया और उसमें आग लगाने की कोशिश की. आग लगाने के बाद वे मौके से फरार हो गए.








