Bihar Encounter: बिहार पुलिस ने खुलेआम पुलिस को चुनौती देने वाले कुख्यात अपराधी कुंदन ठाकुर को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है. कुंदन ठाकुर ने एनकाउंटर से पहले ऑडियो के माध्यम से मोतिहारी जिले के चकिया के अपर थानाध्यक्ष को सीधी चुनौती दी थी. जिसमें कहा कि जहां मन करे जगह और समय तय कर लीजिए. 10 से 15 पुलिस वालों की लाशें गिरेगी और आप मुझे पकड़ भी नहीं पाएंगे. इस ऑडियो के बाद बिहार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे. हालांकि, पुलिस ने चुनौती देने वाले कुख्यात अपराधी को ढेर कर दिया, लेकिन इस दौरान एक दुख भरी खबर सामने आई. मुठभेड़ में एक STF जवान शहीद हो गए.
दरअसल, यह मामला बिहार के मोतिहारी जिले का है. मोतिहारी के रहने वाले कुंदन ठाकुर ने पुलिस को खुलेआम चुनौती दी थी. ऑडियो में साफ सुनाई दे रहा है, कि कैसे बेखौफ कुंदन ठाकुर ने पुलिस को धमकी दी है. ऑडियो के अनुसार, मोतिहारी जिले के ही चकिया अपर थानाध्यक्ष को फोन कर कहा, जहां मन करे जगह और समय अपने हिसाब से तय कर लीजिए. मैं वहां पर पहले से मौजूद रहूंगा. 10 से 15 पुलिसवालों की लाशें गिरेंगी, इसके बाद भी आप लोग मुझे पकड़ नहीं पाओगे.








