रायपुर, 15 अप्रैल 2026 | छत्तीसगढ़ के शासकीय स्कूलों में कार्यरत अप्रशिक्षित शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद यानी SCERT ने सत्र 2026-28 के लिए बीएड विभागीय पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे हजारों शिक्षकों को पेशेवर प्रशिक्षण हासिल करने का अवसर मिलेगा।
ऑनलाइन आवेदन की तारीख तय, जल्द करें अप्लाई
इस प्रक्रिया के तहत पात्र शिक्षक 15 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद उसकी हार्ड कॉपी सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित शासकीय शिक्षा महाविद्यालय में 7 मई 2026 तक जमा करना अनिवार्य रहेगा। समय सीमा के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
मेरिट नहीं, वरिष्ठता बनेगी चयन का आधार
इस बार चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा नहीं होगी। चयन पूरी तरह पद वरिष्ठता के आधार पर किया जाएगा। यदि दो अभ्यर्थियों की वरिष्ठता समान होती है, तो अधिक आयु वाले शिक्षक को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा।
पात्रता की शर्तें: कितने अंक जरूरी, कौन कर सकता है आवेदन
- सामान्य वर्ग के लिए स्नातक या स्नातकोत्तर में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य
- अनुसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी और दिव्यांग वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंक पर्याप्त
- इंजीनियरिंग स्नातकों के लिए 55 प्रतिशत अंक जरूरी
- अधिकतम आयु 1 जुलाई 2026 को 55 वर्ष से कम होनी चाहिए
- परिवीक्षा अवधि में कार्यरत शिक्षक आवेदन के पात्र नहीं होंगे
- रायपुर स्थित शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय
- बिलासपुर का उन्नत शिक्षा अध्ययन संस्थान
- कांकेर का शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय







