Dhaara News

Bhind Hit and Run Case: बाइक को 5 KM तक घसीटती रही बस, 3 युवकों की मौके पर ही मौत

Bhind Hind and Run Case: मध्य प्रदेश के भिंड जिले के गोपालपुरा स्टेट हाईवे-552 पर शनिवार के दिन बेहद दर्दनाक हादसा हो गया. यहां पर एक तेज रफ्तार बस बाइक सवारों के लिए काल बन गई. बस ने बाइकसवार 4 दोस्तों को अपने चपेट में लिया जिनमें से 3 की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में जंग लड़ रहा है.

शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे युवक

खबरों के मुताबिक मुरैना निवासी आशुतोष बघेल (21), खरौली निवासी रामकेश बघेल (19), मुरैना के ही मोहित बघेल (20) और मेहन्दा निवासी अमित बघेल (17) एक ही बाइक पर सवार होकर मेहन्दा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में जा रहे थे. लेकिन तकदीर में कुछ और ही लिखा था. हाईवे पर सामने से आ रही एक अनियंत्रित बस ने उनकी बाइक क जोरदार टक्कर मार दी.

बेहद खौफनाक था हादसा

चश्मदीदों के अनुसार, हादसा इतना खौफनाक था कि टक्कर के बाद बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई. जब बस चालक को रुकना चाहिए था तभी उसने बस की रफ्तार और बढ़ा दी और बाइक समेत युवकों को करीब 5 किमी तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया. घटनास्थल पर रूह कंपा देने वाला दृश्य बन गया था. इस बीच, एक राहगीर ने कार से बस का पीछा किया और उसे रुकवाया.

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

आरोपी चालक फरार हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही उमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा. घायल अमित बघेल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है. हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के परिजनों को मिली, उनके घरों में चीख-पुकार मच गई. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है.

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment