निकुम: ग्राम निकुम में आपसी विवाद के दौरान बीच-बचाव करने गए एक स्थानीय किसान पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। अंडा पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। *गाली-गलौज और धमकी
घटना बीते कल रात करीब 8:30 बजे की है। प्रार्थी किसान जब आंगनबाड़ी के पास टहल रहे थे, तब उन्होंने गांव के ही लोकेश साहू और तिलेश्वर निर्मलकर को किसी अन्य व्यक्ति से झगड़ते देखा। जब उन्होंने उन्हें समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी आक्रोशित हो गए। आरोपियों ने प्रार्थी को जान से मारने की धमकी देते हुए अभद्र गालियां दीं।
कड़े से किया प्रहार
विवाद बढ़ने पर लोकेश साहू ने हाथ-मुक्के से प्रार्थी पर हमला कर दिया। वहीं, तिलेश्वर निर्मलकर ने अपने हाथ में पहने लोहे के कड़े से किसान के माथे और चेहरे पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
गवाहों ने की पुष्टि
इस पूरी वारदात को गांव के ही पुष्पराज और टाकेश्वर कुमार साहू ने देखा, जिन्होंने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। अंडा थाना द्वारा प्रार्थी की रिपोर्ट पर तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्यवाही की जा रही है।








