Dhaara News

मुलायम परिवार में मातम, अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन

 

Prateek Yadav Death:  समाजवादी परिवार से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी की नेता और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत

जानकारी के मुताबिक, प्रतीक यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि जब उन्हें अस्पताल लाया गया, उस समय उनकी पत्नी अपर्णा यादव वहां मौजूद नहीं थीं।

परिवार के अनुसार, प्रतीक यादव घर पर आराम कर रहे थे, तभी उनकी तबीयत अचानक खराब हुई। आनन फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पोस्टमार्टम के बाद सामने आएगी मौत की असली वजह

फिलहाल उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए KGMU अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टरों का पैनल पोस्टमार्टम करेगा, जिसके बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

मामला हाई प्रोफाइल परिवार से जुड़ा होने के चलते पुलिस भी पूरे घटनाक्रम पर गंभीरता से नजर बनाए हुए है। अस्पताल में पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

बिजनेस और फिटनेस जगत से था गहरा जुड़ाव

प्रतीक यादव बिजनेस और फिटनेस सेक्टर से जुड़े हुए थे। वह समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के भाई थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी की सक्रिय नेता हैं।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पति पत्नी के बीच विवाद की खबरें सामने आ रही थीं, लेकिन हाल ही में दोनों के रिश्तों में सुधार हुआ था। दोनों ने साथ में तस्वीरें भी साझा की थीं।

यादव परिवार और समर्थकों में शोक की लहर

प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही यादव परिवार, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक का माहौल बन गया है। कई राजनीतिक नेताओं और करीबी लोगों ने उनके निधन पर दुख जताया है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment