Dhaara News

मुख्यमंत्री साय आज रायगढ़ और जशपुर दौरे पर, प्राण प्रतिष्ठा और प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में होंगे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को रायगढ़ और जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह सुबह 11 बजे रायपुर से रवाना होकर दोपहर 12:30 बजे रायगढ़ पहुंचेंगे। यहां वे शिव मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होकर पूजा-अर्चना करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे रायगढ़ से जशपुर के लिए रवाना होंगे। जशपुर में दोपहर 2:30 बजे आयोजित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। सभी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री अपने गृह ग्राम बगिया पहुंचेंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।

23 जून को कैबिनेट बैठक में कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 23 जून को सुबह 11:30 बजे नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में मानसून की देरी के मद्देनजर खरीफ सीजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

बैठक के दौरान धान सहित अन्य खरीफ फसलों की बुआई की प्रगति, किसानों के लिए खाद और बीज की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियों पर भी मंत्रिमंडल मंथन करेगा।

तबादला नीति और अनुकंपा नियुक्ति पर लग सकती है मुहर

सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट बैठक में अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े प्रस्तावों और संशोधित नियमों को मंजूरी मिल सकती है। साथ ही शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के थोक तबादलों के लिए नई स्थानांतरण नीति को भी स्वीकृति मिलने की संभावना जताई जा रही है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment