Dhaara News

CG News: डीईओ के औचक निरीक्षण में तीन स्कूल समय से पहले मिले बंद, शिक्षकों का वेतन कटेगा, होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में स्कूलों के समय से पहले बंद मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। औचक निरीक्षण के दौरान तीन शासकीय विद्यालय निर्धारित समय से पहले बंद पाए गए, जिसके बाद संबंधित शिक्षकों और संस्था प्रमुखों के खिलाफ वेतन कटौती और अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

औचक निरीक्षण में खुली बड़ी लापरवाही

शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा अधिकारी एल. पी. डाहिरे ने जिले के विभिन्न विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान प्राथमिक शाला केसली, पूर्व माध्यमिक शाला टेढ़ाधौरा और हाई स्कूल टेढ़ाधौरा निर्धारित समय से पहले बंद मिले।

न शिक्षक मिले, न चला शिक्षण कार्य

निरीक्षण के समय विद्यालयों में न तो शिक्षण कार्य संचालित हो रहा था और न ही कोई शिक्षक या संस्था प्रमुख उपस्थित मिला। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित सभी शिक्षकों और संस्था प्रमुखों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

कटेगा एक दिन का वेतन

डीईओ ने स्पष्ट किया है कि संबंधित शिक्षकों एवं संस्था प्रमुखों का उक्त दिवस का वेतन काटा जाएगा। साथ ही उनके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में समय पर उपस्थिति और नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करना सभी शिक्षकों की जिम्मेदारी है।

लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं

जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों के शिक्षकों और संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे विद्यालय संचालन में अनुशासन बनाए रखें, निर्धारित समय का कड़ाई से पालन करें और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी समझें। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पाए जाने पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment