Dhaara News

विधानसभा में गूंजा दाऊ वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय का मामला, विधायक ललित चंद्राकर ने उपकरण खरीदी पर उठाए सवाल

 

रायपुर/दुर्ग, 16 जुलाई। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में दुर्ग के अंजोरा स्थित दाऊ वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय में तकनीकी उपकरणों की खरीदी का मामला प्रमुखता से उठा। विधायक ललित चंद्राकर ने प्रश्नकाल के दौरान विश्वविद्यालय में हुई उपकरण खरीदी की प्रक्रिया, उपकरणों के मूल्य तथा क्रय समिति की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि परियोजना सूची में क्रमांक 1 से 6 तक विभिन्न उपकरणों की कीमत समान दर्शाई गई है, जिससे खरीदी प्रक्रिया पर संदेह उत्पन्न होता है। उन्होंने प्रत्येक उपकरण का वास्तविक क्रय मूल्य, वारंटी तथा संपूर्ण खरीद प्रक्रिया का विस्तृत विवरण सदन के पटल पर रखने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में प्राप्त उत्तर संतोषजनक नहीं था, इसलिए पुनः विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने जवाब में बताया कि वर्ष 2024 से 25 जून 2026 तक विश्वविद्यालय में कुल 9 तकनीकी उपकरणों की खरीदी GeM पोर्टल एवं निर्धारित सरकारी प्रक्रिया के अनुसार की गई है। उन्होंने कहा कि क्रय समिति में तकनीकी विशेषज्ञों को शामिल किया गया था और पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुरूप संपन्न हुई।

गौरतलब है कि यह विश्वविद्यालय स्वर्गीय दाऊ वासुदेव चंद्राकर के नाम पर स्थापित है और छत्तीसगढ़ में पशु चिकित्सा, डेयरी एवं पशुपालन शिक्षा का प्रमुख संस्थान माना जाता है। विधानसभा में यह मामला उठने के बाद विश्वविद्यालय की खरीदी प्रक्रिया एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment