Dhaara News

प्रेस क्लब पत्रकार संघ की सेवा भावना बनी नई पहचान, छह माह में सामाजिक सरोकारों से बनाई विशिष्ट पहचान

 

पत्रकारिता केवल समाचारों के संकलन और प्रसारण तक सीमित नहीं होती, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना भी उसकी मूल भावना है। इसी उद्देश्य को आत्मसात करते हुए प्रेस क्लब पत्रकार संघ, दुर्ग ने पिछले छह माह के दौरान सामाजिक सरोकारों को केंद्र में रखकर लगातार ऐसे जनहितकारी कार्य किए हैं, जिनसे संगठन ने पत्रकारिता के साथ-साथ सेवा के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान स्थापित की है।

इसी कड़ी में प्रेस क्लब पत्रकार संघ एवं जन समर्पण सेवा संस्थान, दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में दुर्ग रेलवे स्टेशन परिसर में गरीब, जरूरतमंद, असहाय एवं बेसहारा लोगों के लिए निशुल्क भोजन वितरण का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक संवेदनाओं का संदेश पहुंचाना भी था।

इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर, दुर्ग नगर निगम की प्रथम नागरिक एवं महापौर अलका बाघमार, समाजसेवी कैलाश जैन बरमेचा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रेस क्लब पत्रकार संघ द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारिता का वास्तविक उद्देश्य केवल खबरों तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के साथ खड़े होकर सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनना भी है।

कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। सभी अतिथियों ने स्वयं अपने हाथों से भोजन परोसकर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई। इस दौरान उपस्थित लोगों के चेहरे पर आत्मीयता और संतोष साफ दिखाई दिया।

विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकार संघ ने बहुत कम समय में सामाजिक कार्यों के माध्यम से जनता के बीच अपनी अलग और सकारात्मक पहचान बनाई है। संगठन जिस प्रकार पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभा रहा है, वह अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के ऐसे प्रयास लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाते हैं।

महापौर अलका बाघमार ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का सशक्त चौथा स्तंभ हैं। जब पत्रकार समाज सेवा जैसे कार्यों में आगे बढ़कर भागीदारी निभाते हैं तो समाज में सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रेस क्लब पत्रकार संघ भविष्य में भी इसी प्रकार सेवा और जनजागरण के कार्यों को आगे बढ़ाता रहेगा।

कार्यक्रम में जन समर्पण सेवा संस्थान, दुर्ग के प्रमुख बंटी योगेंद्र शर्मा को पिछले दस वर्षों से लगातार जरूरतमंद लोगों के लिए निस्वार्थ भोजन सेवा संचालित करने के लिए प्रेस क्लब पत्रकार संघ की ओर से शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनके सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे लोग समाज में मानवता की मिसाल हैं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

इस दौरान समाजसेवी कैलाश जैन बरमेचा ने समाजहित में एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए रेलवे स्टेशन परिसर में भोजन करने वाले जरूरतमंद लोगों के बैठने की समुचित व्यवस्था के लिए 100 चटाइयों का दान देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज सेवा केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं होती, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता और सामर्थ्य के अनुसार जनहित के कार्यों में योगदान देना चाहिए। उनकी इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया।

कार्यक्रम का सबसे भावनात्मक और प्रेरणादायी क्षण तब आया जब प्रेस क्लब पत्रकार संघ के कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता की सुपुत्री अनुष्का गुप्ता का जन्मदिन जरूरतमंद लोगों के बीच केक काटकर मनाया गया। परिवार ने इस अवसर पर संदेश दिया कि जन्मदिन एवं अन्य पारिवारिक खुशियों को समाज के वंचित वर्ग के साथ साझा करना ही सच्ची खुशी है। इस पहल को सभी अतिथियों ने सराहा और इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताया।

कार्यक्रम में भिलाई वीरांगना क्लब की अध्यक्ष लायंस रीना सिंह, महिला भाजपा मोर्चा से जयश्री राजपूत, लोक निर्माण विभाग के प्रभारी देवनारायण चंद्राकर, पार्षद रंजीता पाटिल, पार्षद युवराज कुंजाम, पार्षद हर्षिका जैन, दवा व्यापारी संघ के सचिव दीपक बंसल, पूर्व जनपद सदस्य एवं कांग्रेस नेता विक्की मिश्रा, जनपद दुर्ग सभापति लोमेश चंद्राकर, जनपद सदस्य दुर्ग गोकुल वर्मा, पत्रकार संदीप उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की सफलता में प्रेस क्लब पत्रकार संघ के जिला संयोजक आशीष तिवारी, अध्यक्ष संध्या, उपाध्यक्ष रोहिताश सिंह भुवाल, जॉन बी प्रसाद, ईश्वर साहू, महासचिव प्रशांत राजपूत, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता, दुर्ग ब्लाक शहर प्रमुख प्रेमलाल देशमुख, सह सचिव लोकेश्वर सिंह ठाकुर, दुर्ग ग्रामीण ब्लाक प्रमुख गुलाब देशमुख, पवन साहू, अरशद अली, महिला मंडल प्रमुख दीपमाला सिन्हा, प्रमुख सलाहकार शैलेन्द्र साहू सहित संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से प्रेस क्लब पत्रकार संघ, दुर्ग यह संदेश दे रहा है कि पत्रकारिता केवल सवाल पूछने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता, सेवा और सकारात्मक बदलाव की मजबूत पहल भी है। पिछले छह महीनों में संगठन ने जिस प्रकार सेवा, सहयोग और जनहित को अपनी प्राथमिकता बनाया है, उससे वह पत्रकारिता जगत के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी एक नई और प्रेरणादायी पहचान बनाने में सफल हुआ है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment