Dhaara News

Raipur Private Pool Party: सोशल मीडिया पर वायरल हुआ प्राइवेट पूल पार्टी का पोस्टर, पुलिस ने शुरू की जांच

 रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर प्राइवेट पूल पार्टी को लेकर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पोस्टर में पार्टी के आयोजन का दावा किया जा रहा है। पोस्टर में मॉडल्स और एक्ट्रेस के साथ बातचीत और मिलने का मौका देने की बात कही गई है। पोस्टर वायरल होने के बाद शहर में इसकी चर्चा तेज हो गई है।

सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया गया पोस्टर

जानकारी के अनुसार, इस कथित प्राइवेट पूल पार्टी का पोस्टर इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए शेयर किया गया है। वायरल पोस्टर में पार्टी से जुड़ी कुछ जानकारियां दी गई हैं, लेकिन आयोजन से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक नहीं की गई हैं।

एंट्री के लिए तय की गई 4,999 रुपये फीस

वायरल पोस्टर के मुताबिक, पार्टी में शामिल होने के लिए 4,999 रुपये एंट्री फीस रखी गई है। इसमें सीमित संख्या में मेहमानों को शामिल करने की बात कही गई है। पोस्टर में दावा किया गया है कि पार्टी में मॉडल्स और एक्ट्रेस के साथ बातचीत करने का अवसर मिलेगा।हालांकि, आयोजन स्थल, तारीख और अन्य जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि यह जानकारी फीस जमा करने के बाद ही साझा करने की बात कही गई है।

आयोजकों की पहचान और आयोजन की सच्चाई की जांच

पोस्टर में आयोजकों का नाम या आयोजन स्थल का कोई स्पष्ट विवरण नहीं दिया गया है। पोस्टर सामने आने के बाद रायपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वास्तव में किसी कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है या फिर यह केवल सोशल मीडिया पर प्रचार के लिए वायरल किया गया है।

बजरंग दल ने भी जताई आपत्ति

मामले को लेकर बजरंग दल के पदाधिकारियों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह के आयोजनों से शहर के माहौल पर असर पड़ सकता है और प्रशासन को समय रहते कदम उठाना चाहिए। उन्होंने आयोजन होने की स्थिति में विरोध की बात भी कही है।

पहले भी वायरल हो चुका है विवादित पार्टी का पोस्टर

गौरतलब है कि इससे पहले भी रायपुर में एक कथित न्यूड पार्टी का पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस समय पोस्टर में बिना कपड़ों के पार्टी, पूल पार्टी, शराब और ड्रग्स जैसी गतिविधियों का दावा किया गया था। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई संचालकों और संबंधित लोगों से पूछताछ की थी।फिलहाल नए वायरल पोस्टर को लेकर पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह आयोजन वास्तविक है या फिर सोशल मीडिया पर फैलाया गया भ्रामक प्रचार।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment