दुर्ग। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस संगठन में दुर्ग जिले के नगपुरा निवासी सरोज नेताम को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर आदिवासी समाज, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के नेताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
सरोज नेताम लंबे समय से सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं। आदिवासी समाज के बीच उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति को समाज के लिए सम्मान और गौरव का विषय माना जा रहा है।
नियुक्ति के बाद सरोज नेताम ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने आदिवासी समाज के हितों, संगठन की मजबूती और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
सरोज नेताम की नियुक्ति पर नगपुरा सहित दुर्ग जिले में आदिवासी समाज के लोगों, कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं। समर्थकों का कहना है कि उनकी संगठनात्मक क्षमता का लाभ अब प्रदेश स्तर पर मिलेगा और वे आदिवासी समाज की समस्याओं एवं जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगी।








