निकुम (दुर्ग)। शासन की सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। इसका एक उदाहरण दुर्ग विकासखंड के ग्राम पंचायत निकुम में देखने को मिला, जहां शिकायत दर्ज होने के महज चार घंटे के भीतर लंबित विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।
ग्राम निकुम निवासी एवं किसान जितेंद्र साहू ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी मोनिका साहू के विवाह प्रमाण पत्र के लिए आवश्यक ऑनलाइन आवेदन एवं निर्धारित शुल्क लगभग डेढ़ माह पहले ग्राम पंचायत निकुम में जमा कर दिया था। उनकी बेटी का विवाह फरवरी माह में डोंगरगढ़ क्षेत्र के अरसीटोला निवासी थीसिस साहू के साथ संपन्न हुआ था।
आवेदन जमा करने के बावजूद विवाह प्रमाण पत्र जारी नहीं होने से वे लगातार ग्राम पंचायत के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। इससे परेशान होकर उन्होंने मुख्यमंत्री की जनसमस्या निवारण व्यवस्था सीएम हेल्पलाइन 1076 में मोबाइल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई।
जितेंद्र साहू के अनुसार, 29 जुलाई को सुबह लगभग 10 बजे शिकायत दर्ज करने के बाद संबंधित विभाग ने तत्काल संज्ञान लिया और मात्र चार घंटे के भीतर विवाह प्रमाण पत्र ऑनलाइन जारी कर दिया। प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।
जितेंद्र साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 उनके परिवार के लिए वरदान साबित हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिकायत के बाद उनकी समस्या का त्वरित समाधान हुआ, जिससे शासन की जनहितकारी व्यवस्था पर उनका विश्वास और मजबूत हुआ।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि यदि किसी शासकीय कार्य में अनावश्यक विलंब हो रहा हो, तो वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत सीएम हेल्पलाइन का उपयोग करें, ताकि उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।








