Dhaara News

निकुम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था पर उठे सवाल, गंदगी और जलभराव से मरीज-परिजन परेशान

 

दुर्ग ग्रामीण। ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निकुम इन दिनों अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है। अस्पताल परिसर में जगह-जगह जलभराव, गंदगी और साफ-सफाई की कमी से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में अस्पताल परिसर की स्थिति और भी खराब हो जाती है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक अस्पताल परिसर में पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है। इससे मरीजों के आने-जाने में दिक्कत होती है और संक्रमण का खतरा भी बना रहता है। अस्पताल परिसर में बने पुराने भवन और आसपास जमा कचरा भी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

विशेषज्ञ चिकित्सकों समेत कई पद खाली

निकुम सीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सक सहित कई महत्वपूर्ण पद लंबे समय से रिक्त बताए जा रहे हैं। इसके अलावा स्वीपर, चौकीदार और वार्ड बॉय जैसे पदों की कमी का असर भी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की बड़ी आबादी इस स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है, ऐसे में पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होना बेहद जरूरी है।

सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था सुधारने की मांग

मरीजों और स्थानीय ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से अस्पताल परिसर की तत्काल साफ-सफाई, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान और मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए।

ग्रामीणों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं रिक्त पदों को भरने के साथ अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या का संज्ञान लेकर निकुम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था को कब तक सुधारते हैं।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment