Dhaara News

चमोली सुरंग हादसा: मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख, घायलों को 50-50 हजार की सहायता

रायपुर : उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में पानी भरने की दुखद घटना में कोंडागांव जिले के चार श्रमिकों की मौत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा हादसे में घायल दो श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

हादसे में कोंडागांव जिले के ग्राम धनसुली के दो, मदनार के एक और दहीकोंगा के एक श्रमिक की मृत्यु हुई है। वहीं जिले के दो अन्य श्रमिक घायल हुए हैं। दिवंगत श्रमिकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाए गए, जहां परिजनों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और सरकार उनके साथ है।

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने घायल श्रमिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment