Dhaara News

रिसाली निगम में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल!*

 

अभद्रता के आरोपों से गरमाया माहौल, शिकायत की प्रति सामने आने के बाद मचा हड़कंप

 

रिसाली। महिला सशक्तिकरण और महिला सुरक्षा की बात करने वाले रिसाली नगर निगम में ही महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। निगम के एक कर्मचारी रामेश्वर डहरे पर अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए जाने की शिकायत महिला कर्मचारी ने की है। सूत्रों के मुताबिक थाने में भी FIR के लिए आवेदन किया गया है।

 

हमारे हाथ लगी शिकायत की प्रति में एक महिला कर्मचारी ने अपने साथ कथित तौर पर हुए व्यवहार को लेकर अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए शिकायत की है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है, लेकिन शिकायत सामने आने के बाद यह सवाल जरूर उठ रहा है कि आखिर निगम कार्यालय में काम करने वाली महिला कर्मचारियों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है?

 

किसी एक नाम पर नहीं, व्यवस्था पर उठ रहे सवाल !

 

अंदरखाने से मिल रही जानकारी के मुताबिक निगम के कथित PRO पर भी पूर्व में इसी तरह के आरोप लगाए जाने की चर्चा है। हालांकि इस संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और आधिकारिक रिकॉर्ड की जानकारी सामने आना बाकी है।

यदि अलग-अलग मामलों में कर्मचारियों द्वारा इसी तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं, तो मामला महज किसी एक कर्मचारी के आचरण तक सीमित नहीं रह जाता, बल्कि निगम के कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और शिकायतों के निवारण की पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

महिला महापौर, महिला आयुक्त… फिर भी सुरक्षा पर सवाल क्यों?

 

सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस निगम की कमान महिला महापौर और महिला आयुक्त के हाथों में है, वहां यदि महिला कर्मचारी ही अभद्रता या छेड़खानी जैसे आरोपों को लेकर शिकायत करने को मजबूर हो रही हैं, तो फिर कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाली व्यवस्था आखिर कितनी प्रभावी है?

क्या शिकायतों पर तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई होती है?

क्या महिला कर्मचारियों को बिना दबाव अपनी शिकायत रखने का सुरक्षित माहौल मिलता है?

और सबसे अहम—अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई कब होगी?

शिकायत सामने आई तो क्या अब होगी निष्पक्ष जांच?

 

इस पूरे मामले में सबसे जरूरी है कि निगम प्रशासन शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराए। आरोप सही हैं या गलत, इसका फैसला जांच के बाद ही होना चाहिए। लेकिन शिकायत सामने आने के बाद उसे दबाने या नजरअंदाज करने के बजाय उसकी निष्पक्ष जांच कराना निगम प्रशासन की जिम्मेदारी है।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि रिसाली नगर निगम प्रशासन इन आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है और महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर क्या ठोस कदम उठाता है।

 

सवाल सिर्फ एक कर्मचारी पर लगे आरोपों का नहीं है—सवाल है कि क्या रिसाली निगम में महिलाएं वास्तव में सुरक्षित हैं?

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment