Dhaara News

दुर्ग : 6 सितंबर को निकलेगी भगवान श्रीकृष्ण की शहर में भव्य शोभायात्रा, यादव समाज का भव्य शक्ति प्रदर्शन , सर्व समाज को आमंत्रण पदाधिकारियों ने दी तैयारियों की जानकारी

 

दुर्ग। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर दुर्ग जिला कोसरिया यादव महासभा के तत्वावधान में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य जन्मोत्सव शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर आज दुर्ग प्रेस क्लब पत्रकार संघ के पत्रकारों के समक्ष महासभा के पदाधिकारियों ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।

 

महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि 6 सितंबर 2026, रविवार को सुबह 10 बजे से शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन यादव समाज द्वारा लगातार लगभग 16 वर्षों से किया जा रहा है। शोभायात्रा का उद्देश्य सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देना है।

 

प्रेस कांफ्रेंस में बताया गया कि इस बार शोभायात्रा में महिला अघोरी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। साथ ही पारम्परिक राउत नाचा, धुमाल पार्टी, भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी, तथा छत्तीसगढ़ी संस्कृति की विभिन्न विधाओं की प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहेंगी। आयोजन में लगभग 18 सर्किलों का सहयोग रहेगा तथा हजारों यादव बंधुओं के शामिल होने की बात पदाधिकारियों ने कही।

 

*इन मार्गों से गुजरेगी शोभायात्रा*

 

शोभायात्रा पोलसाय पारा, लुचकी तालाब, चंडी चौक, शिवपारा, गवलीपारा, गांधी चौक, मोती कॉम्प्लेक्स, पुराना बस स्टैंड, इंदिरा मार्केट और फरिश्ता कॉम्प्लेक्स सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ेगी।

 

महासभा के अनुसार शोभायात्रा में समाज के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों की सहभागिता रहेगी। आयोजन को सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का संदेश देने वाला कार्यक्रम बनाने की तैयारी की जा रही है।

 

*राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों की भी रहेगी मौजूदगी*

 

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक देवेन्द्र यादव, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल, पूर्व विधायक अरुण वोरा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। मुख्य अतिथियों के स्वागत सत्कार में बड़ी बाइक रैली भी आयोजित की गई है।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग जिला कोसरिया यादव महासभा के अध्यक्ष बोधराम यादव करेंगे। महासभा ने समाज के लोगों एवं शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभायात्रा को सफल बनाने की अपील की है।

 

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उपाध्यक्ष रामचंद्र यादव, महामंत्री बरातु राम यादव, सचिव शंकर लाल यादव, अमर सिंह यादव, गुमेंद्र यादव, चेलाराम यादव, नरेश यादव, भारत यादव सहित अन्य उपस्थित रहे।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment