अंडा। ग्राम अंडा में संचालित एक फटाका दुकान में अज्ञात चोर द्वारा शटर तोड़कर गल्ले में रखी करीब 30 हजार रुपये की नकदी चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। दुकान संचालक ने घटना की रिपोर्ट थाना अंडा में दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, दुकान संचालक ने बताया कि वह 22 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन 23 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे जब वह रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचा तो दुकान का शटर एक तरफ से टूटा हुआ और खुला मिला।
दुकान के अंदर जाकर जांच करने पर गल्ले में रखी करीब ₹30,000 की नगदी गायब मिली। शिकायतकर्ता के अनुसार गल्ले में ₹10 व ₹5 तथा ₹2 के सिक्कों के अलावा ₹50, ₹100, ₹200 और ₹500 के नोट रखे हुए थे।
दुकान संचालक ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने रात के समय शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और गल्ले से नगदी चोरी कर फरार हो गया। घटना की जानकारी दुकान में काम करने वाले रिकीं चंद्राकर और सतीश चंद्राकर को भी दी गई।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, चोरी गई रकम का पता लगाने और तलाश करने के बाद 3 अक्टूबर 2026 को थाना अंडा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस दुकान के आसपास लगे CCTV कैमरों, घटनास्थल और संदिग्ध गतिविधियों की जांच के जरिए चोर का पता लगाने का प्रयास कर रही है।








