Dhaara News

NH-53 पर देर रात दो ट्रकों में भड़की भीषण आग, देखते ही देखते वाहन जलकर हुए खाक, चालक ने कूदकर बचाई जान

 महासमुंद : पिथौरा थाना क्षेत्र में शनिवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर एक बड़ा हादसा हो गया। लाखागढ़ के पास अचानक दो ट्रकों में आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में इतना विकराल रूप ले लिया कि दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हादसे के दौरान एक ट्रक के चालक ने समय रहते वाहन से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली।

सड़क किनारे खड़े ट्रक को दूसरे वाहन ने लिया चपेट में

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चावल से भरा एक ट्रक खराब होने के कारण लाखागढ़ के पास हाईवे किनारे खड़ा था। इसी दौरान पिथौरा की तरफ से सरायपाली जा रहा दूसरा ट्रक वहां पहुंचा। इस वाहन में दोना-पत्तल के साथ राशन सामग्री लदी हुई थी।बताया जा रहा है कि जैसे ही दूसरा ट्रक खराब वाहन के करीब पहुंचा, उसके इंजन में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद आग की लपटें पास खड़े चावल लदे ट्रक तक पहुंच गईं और वह भी धू-धूकर जलने लगा।

दमकल की कई गाड़ियां पहुंचीं, काफी मशक्कत के बाद बुझी आग

दोनों ट्रकों में आग लगने की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पिथौरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए महासमुंद, बागबाहरा और सरायपाली से दमकल वाहनों को बुलाया गया।दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया। हालांकि तब तक दोनों ट्रक बुरी तरह जल चुके थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

आग कैसे लगी, पुलिस जुटा रही पूरी जानकारी

फिलहाल दोनों ट्रकों में आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पिथौरा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment