Chhattisgarh Road Accident: छत्तीसगढ़ में शनिवार और रविवार के बीच हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने पांच परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। राजनांदगांव में दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने निकले युवकों की कार पुलिया से टकरा गई, जबकि बालोद में बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। दोनों घटनाओं में कुल पांच लोगों की मौत हुई है। हादसों में तीन लोग घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
राजनांदगांव में जन्मदिन के बाद हुआ दर्दनाक हादसा
पहली घटना राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र की है। शनिवार रात करीब डेढ़ बजे पांच युवक कार से भिलाई से राजनांदगांव की ओर ढाबे में खाना खाने जा रहे थे। टेडेसरा बस्ती के पास नेशनल हाईवे पर उनकी कार एक पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे में दुर्ग में इलेक्ट्रिकल और सिविल काम से जुड़े सरकारी ठेकेदार अभिषेक सिंह ठाकुर और तोषण तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर हालत में प्रशांत दास को मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव ले जाया गया, जहां रविवार को इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। वहीं सूरज पांडे और चिंटू घायल हैं और अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
परिवार के साथ मना चुके थे जन्मदिन, रात में दोस्तों के साथ निकले
परिजनों के मुताबिक, अभिषेक का जन्मदिन 3 अक्टूबर को था। उसने दिन में परिवार के साथ जन्मदिन मनाया था। इसके बाद रात में दोस्तों के साथ ढाबे में खाना खाने के लिए निकला।बताया गया कि पांचों युवक कार से एक ढाबे पर पहुंचे थे, लेकिन वहां खाना नहीं मिला। इसके बाद वे दूसरे ढाबे की तरफ बढ़े। इसी दौरान कुछ दोस्त दूसरी कार से आगे निकल गए और अभिषेक अपने साथियों के साथ कार वापस मोड़कर लौट रहा था।सोमनी नाले के पास सड़क का हिस्सा संकरा होने और वाहन की रफ्तार अधिक होने के कारण कार अनियंत्रित हुई और पुलिया से टकरा गई। बताया जा रहा है कि अभिषेक जिस कार में सवार था, वह उसकी अपनी नहीं बल्कि दोस्त की थी। मृतक अभिषेक की दो छोटी बेटियां हैं।
बालोद में खड़े ट्रक से बाइक की भिड़ंत, पिता और 12 साल के बेटे की मौत
दूसरा हादसा बालोद जिले में हुआ। रविवार शाम करीब 7 बजे सनौद थाना क्षेत्र के अरमरीकला में पेट्रोल पंप के सामने गुंडरदेही-धमतरी मुख्य मार्ग पर एक बाइक खड़े ट्रक से जा टकराई।बाइक पर ग्राम कजराबांधा निवासी 34 वर्षीय डागेश्वर साहू अपने दो बेटों 12 वर्षीय वेद प्रकाश और 8 वर्षीय अनुराग साहू के साथ सवार थे। तीनों ग्राम मोहारा में एक सामाजिक पितृ श्राद्ध मिलन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे देर शाम बाइक से घर लौट रहे थे।इसी दौरान अरमरीकला के पास सड़क पर खड़े ट्रक से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। दुर्घटना में डागेश्वर साहू और उनके 12 वर्षीय बेटे वेद प्रकाश की मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय अनुराग गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है।
अंधेरे में नहीं दिखा खड़ा ट्रक
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय मुख्य सड़क पर ट्रक खड़ा था। शाम के अंधेरे में बाइक सवारों को ट्रक नजर नहीं आया और बाइक पीछे से ट्रक में जा घुसी। सूचना मिलने के बाद सनौद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।पुलिस ने पिता और बेटे के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए गुरुर मर्चुरी भेज दिया है। दोनों सड़क हादसों को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।







