Dhaara News

किसानों को पूरी आदान सहायता राशि देने के निर्णय का कुलेश्वरी देवांगन ने किया स्वागत, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति जताया आभार

 

कहा– प्रधानमंत्री की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार का महत्वपूर्ण कदम, किसानों को मिलेगा आर्थिक संबल

 

दुर्ग। दुर्ग जनपद पंचायत की अध्यक्ष कुलेश्वरी सुखदेव देवांगन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा धान किसानों को कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों के आर्थिक हितों को प्राथमिकता देने और उनके परिश्रम का उचित सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

 

कुलेश्वरी देवांगन ने कहा कि प्रदेश सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि कम उत्पादन होने अथवा निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी आदान सहायता की पूरी राशि का लाभ मिल सके। इससे विशेष रूप से उन किसानों को राहत मिलेगी, जो प्राकृतिक परिस्थितियों, मौसम की मार अथवा अन्य कृषि संबंधी कारणों से अपनी पूरी उपज नहीं बेच पाते हैं।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को धरातल पर पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसानों के हित में लिया गया यह निर्णय इसी संकल्प का प्रमाण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित प्रदेश के समस्त शीर्ष नेतृत्व, पार्टी संगठन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

देवांगन ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में किसानों का महत्वपूर्ण योगदान है। किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। ऐसे में किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णयों से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 15 नवंबर से धान खरीदी की शुरुआत और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का निर्णय भी किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। कृषक उन्नति योजना के तहत पूरी आदान सहायता राशि देने की घोषणा से किसानों को खेती-किसानी के खर्चों की पूर्ति करने तथा आगामी फसल की तैयारी में मदद मिलेगी।

 

अंत में कुलेश्वरी सुखदेव देवांगन ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों, गरीबों, महिलाओं एवं युवाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार निर्णय ले रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए इसी प्रकार जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता रहेगा।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment