Dhaara News

छठ पूजा के दौरान लाखों की चोरी, शिक्षक और व्यापारी के घर से 20 लाख के जेवर-नकदी गायब

 अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में छठ पूजा के दौरान चोरों ने दो सूने मकानों को निशाना बनाया। शहर के गोधनपुर इलाके में हुई इस वारदात में एक शिक्षक और एक व्यापारी के घर से नकदी व कीमती जेवरात चोरी कर लिए गए। दोनों घरों से गायब सामान की कुल कीमत करीब 18 से 20 लाख रुपये आंकी जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

छठ घाट गए थे परिवार, पीछे से चोरों ने तोड़े ताले

जानकारी के मुताबिक, चोरी की घटना कल शाम करीब 5 बजे हुई। उस समय दोनों परिवार छठ पूजा के लिए घाट गए हुए थे। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा और फिर अंदर प्रवेश कर लिया। इसके बाद घर के भीतर लगे दरवाजों के ताले तोड़कर तीन अलमारियों को खंगाला गया। चोर वहां रखी नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए।

शिक्षक और पड़ोसी व्यापारी के घर को बनाया निशाना

चोरों ने सबसे पहले शिक्षक मनोज सिंह के मकान में वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद उनके पड़ोस में रहने वाले संजय सिंह के घर में भी चोरी की। संजय सिंह ने अपनी बेटी की शादी के लिए पहले से जेवर खरीदकर रखे थे। चोर उन गहनों को भी अपने साथ ले गए। दोनों मकानों में हुई चोरी से परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

रात में लौटे परिवार तो टूटे मिले ताले

छठ घाट से रात में घर लौटने पर परिवारों ने मुख्य दरवाजों के ताले टूटे देखे। अंदर पहुंचने पर सामान बिखरा हुआ मिला और अलमारियों के लॉक टूटे पाए गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का मुआयना कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई, लेकिन फिलहाल चोरों के बारे में कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

शाम होते ही असामाजिक तत्वों की सक्रियता का आरोप

वारदात के बाद गोधनपुर के रहवासियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि शाम के समय रिहायशी इलाके में इस तरह लाखों रुपये की चोरी होना पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

स्थानीय लोगों ने गोधनपुर चौक के आसपास ठेलों और गुमटियों में अवैध शराब बिक्री का आरोप भी लगाया है। उनका दावा है कि शराब बेचने वाले झाड़ियों में शराब छिपाकर रखते हैं और खरीदने वाले वहीं बैठकर इसका सेवन करते हैं। रहवासियों के मुताबिक, शाम ढलते ही इलाके में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। फिलहाल पुलिस चोरी के मामले की जांच कर रही है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment