एग्रीस्टैक और किसान पोर्टल में भारी समस्या – कहीं रकबा शून्य, कहीं पोर्टल में नाम नहीं
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने के बाद भी किसानों की समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक ओर एग्रीस्टैक में पंजीयन होने के बावजूद किसानों के नाम एकीकृत किसान पोर्टल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर किसान तुंहर टोकन ऐप में पंजीकृत खसरों का रकबा शून्य दिखाई देने, खसरे गायब होने, UFR सत्यापन लंबित रहने तथा Error 102 जैसी तकनीकी समस्याओं के कारण किसान अपनी उपज बेचने के लिए टोकन तक जनरेट नहीं कर पा रहे हैं। इन समस्याओं से परेशान किसानों में शासन-प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अब किसान जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के घेराव की तैयारी कर रहे हैं।
किसान नेता एवं जनपद सदस्य ढालेश साहू ने कहा कि शासन द्वारा किसानों को डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने और एग्रीस्टैक के माध्यम से कृषि भूमि का सत्यापन करने की बात कही जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर इस व्यवस्था की तकनीकी खामियों का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। कई किसानों का एग्रीस्टैक में पंजीयन पूरा है, फार्मर आईडी भी जनरेट हो चुकी है, इसके बावजूद एकीकृत किसान पोर्टल में उनका नाम नहीं दिख रहा है। वहीं कुछ किसानों के पंजीकृत खसरों का रकबा किसान तुंहर टोकन ऐप में शून्य अथवा वास्तविक रकबे से कम प्रदर्शित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि फौती नामांतरण, खसरा विभाजन, रकबा संशोधन और नवीन पंजीयन कराने वाले किसानों को भी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई किसानों के रिकॉर्ड में UFR सत्यापन लंबित होने के कारण टोकन जनरेट नहीं हो रहा है। किसानों ने संबंधित कार्यालयों और समितियों के चक्कर लगाए, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। धान खरीदी की समय-सीमा में किसानों को इस प्रकार तकनीकी प्रक्रियाओं में उलझाना उनके साथ अन्याय है।
ढालेश साहू ने कहा कि पूर्व में भी किसानों की इन समस्याओं को लेकर समाचार पत्रों के माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया है तथा विशेष पंजीयन एवं सुधार शिविर लगाने, एग्रीस्टैक और राजस्व अभिलेखों का आपसी मिलान करने, UFR एवं Error 102 की समस्या दूर करने तथा प्रभावित किसानों को ऑफलाइन टोकन की सुविधा देने की मांग की गई है। इसके बावजूद अनेक किसानों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
*घेराव के माध्यम से उठाई जाएंगी ये प्रमुख मांगें*
1. एग्रीस्टैक में पंजीकृत होने के बावजूद किसान पोर्टल में नाम नहीं आने वाले किसानों का तत्काल पंजीयन किया जाए।
2. किसान तुंहर टोकन ऐप में शून्य अथवा गलत रकबा प्रदर्शित होने की समस्या का तत्काल सुधार किया जाए।
3. UFR सत्यापन लंबित एवं Error 102 की समस्या का स्थायी तकनीकी समाधान किया जाए।
4. फौती नामांतरण, खसरा विभाजन, रकबा संशोधन एवं नवीन पंजीयन वाले किसानों के लिए विशेष पंजीयन एवं सुधार शिविर लगाया जाए।
5. तकनीकी समस्याओं के कारण टोकन से वंचित किसानों को ऑफलाइन टोकन की सुविधा दी जाए।
6. जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, राजस्व विभाग एवं संबंधित तकनीकी एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर किसानों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण किया जाए।
ढालेश साहू ने कहा कि किसानों ने दिन-रात मेहनत करके धान की फसल तैयार की है, लेकिन अब अपनी ही उपज बेचने के लिए उन्हें सरकारी पोर्टल और तकनीकी खामियों से संघर्ष करना पड़ रहा है। सरकार की डिजिटल व्यवस्था किसानों की सुविधा के लिए होनी चाहिए, न कि उनकी परेशानी का कारण। यदि समय रहते किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो किसान संगठित होकर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग का घेराव करेंगे और अपने अधिकारों की लड़ाई सड़क पर लड़ने के लिए बाध्य होंगे।
*ढालेश साहू*
किसान नेता एवं जनपद सदस्य








