Dhaara News

PM Modi on AI: लखनऊ में बोले पीएम मोदी- हुनरमंद व्यक्ति से कोई नहीं छीन सकता रोजगार, स्किल को मिलेगा सम्मान

PM Modi On AI:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे। यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोजगार और कौशल विकास पर अपनी बात रखी। पीएम मोदी ने कहा कि जिस व्यक्ति के पास हुनर और जरूरी कौशल है, उसकी आजीविका छीनना आसान नहीं है। आने वाले समय में डिग्री और प्रमाणपत्र से ज्यादा महत्व वास्तविक दक्षता का होगा।इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सोने की खरीद कम करने की अपील पर क्या बोले प्रधानमंत्री?

समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने एक साल पहले सोने की खरीद को लेकर देशवासियों से की गई अपनी अपील का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लोगों से आग्रह किया था कि बहुत जरूरी होने पर ही सोना खरीदें और एक साल तक इसकी खरीद कम रखें।पीएम मोदी के मुताबिक, देश के लोगों ने उनकी सलाह को गंभीरता से लिया। उन्होंने इस प्रतिक्रिया की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के उस आह्वान से की, जिसमें देशवासियों से सप्ताह में एक समय का भोजन छोड़ने की अपील की गई थी।प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के नागरिकों में आज भी सामूहिक अपील को स्वीकार करने की वही भावना मौजूद है। उन्होंने बताया कि कई लोग उनसे मिलकर कहते हैं कि उनकी सलाह मानकर कम सोना खरीदा और इससे उनकी बचत हुई।

प्रमाणपत्र से ज्यादा हुनर की होगी अहमियत

प्रधानमंत्री ने बदलते दौर में कौशल की बढ़ती भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अब केवल प्रमाणपत्र रखने वालों को प्राथमिकता मिलने का समय पीछे छूट रहा है। आने वाले दौर में वास्तविक काम करने की क्षमता और व्यावहारिक कौशल रखने वाले लोगों को अधिक सम्मान मिलेगा।पीएम मोदी ने भारत को वैश्विक कौशल केंद्र बनाने की दिशा में हो रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उनका संदेश था कि युवाओं को बदलती तकनीक और रोजगार की जरूरतों के अनुरूप खुद को लगातार तैयार करना चाहिए।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment