Dhaara News

दुर्ग जिले में महिला कांग्रेस को मिली तीन नई जिलाध्यक्ष, प्रेमलता साहू, योगिता चंद्राकर और शशि सिन्हा को मिली जिम्मेदारी

दुर्ग शहर, दुर्ग ग्रामीण और भिलाई नगर की अलग-अलग इकाइयों में नियुक्तियां, राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने जारी किया आदेश

दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार के तहत दुर्ग जिले में महिला कांग्रेस की तीन प्रमुख इकाइयों को नई जिलाध्यक्ष मिल गई हैं। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा द्वारा 21 नवंबर 2026 को जारी नियुक्ति आदेश में दुर्ग शहर, दुर्ग ग्रामीण और भिलाई नगर के लिए अलग-अलग अध्यक्षों की घोषणा की गई है।

जारी सूची के अनुसार प्रेमलता साहू को दुर्ग शहर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष, योगिता चंद्राकर को दुर्ग ग्रामीण जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष तथा शशि सिन्हा को रिसाली (भिलाई नगर) जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

तीनों नियुक्तियों में स्थानीय राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव को महत्व मिला है। शशि सिन्हा वर्तमान में रिसाली नगर निगम की महापौर हैं। वहीं योगिता चंद्राकर पूर्व में जिला पंचायत की सभापति रह चुकी हैं। प्रेमलता साहू को दुर्ग शहर महिला कांग्रेस की कमान सौंपी गई है।

नियुक्ति आदेश छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष संगीता सिन्हा को संबोधित करते हुए जारी किया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की स्वीकृति से जारी इस सूची में प्रदेश के विभिन्न जिलों की कुल 17 महिला कांग्रेस जिलाध्यक्षों के नाम शामिल हैं।

दुर्ग जिले की तीनों इकाइयों में नई नियुक्तियों के बाद अब महिला कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों में संगठन की भागीदारी बढ़ाने की जिम्मेदारी इन तीनों नवनियुक्त जिलाध्यक्षों पर होगी।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment