रिसाली। नगर निगम चुनाव की आहट के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के रिसाली आगमन से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मुख्यमंत्री के दौरे का विरोध करने और काले झंडे दिखाने की तैयारी कर रहे युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों पर पुलिस की कार्रवाई की खबर सामने आई है।
युवा कांग्रेस का आरोप है कि पिछले ढाई से तीन वर्षों में मुख्यमंत्री ने रिसाली की जनता की सुध नहीं ली, लेकिन अब चुनाव से ठीक पहले उन्हें रिसाली की याद आ रही है। संगठन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सवाल उठाते हुए कहा है कि क्षेत्र में चाकूबाजी और हत्या जैसी आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार और प्रशासन को जवाब देना चाहिए।
*काला झंडा दिखाने से पहले पुलिस की कार्रवाई*
मिली जानकारी के अनुसार, युवा कांग्रेस के उबारन टंडन, अध्यक्ष दक्ष सहित NSUI पदाधिकारी राहुल सिंह को पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर कोतवाली ले जाने की खबर है। वहीं युवा कांग्रेस पदाधिकारी शुभम वर्मा सहित उनकी टीम की तलाश में उतई पुलिस द्वारा सर्चिंग किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, इन सभी की गिरफ्तारी और हिरासत की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
*चुनाव नजदीक आते ही रिसाली की याद क्यों आई?*
युवा कांग्रेस का मुख्य सवाल मुख्यमंत्री के दौरे के समय को लेकर है। संगठन का कहना है कि करीब तीन साल तक रिसाली नगर निगम की जनता मुख्यमंत्री के आगमन का इंतजार करती रही, लेकिन अब नगर निगम चुनाव की आहट के बीच विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री का आगमन हो रहा है।
युवा कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि क्या रिसाली की समस्याएं पिछले ढाई-तीन वर्षों तक सरकार की प्राथमिकता में नहीं थीं? क्षेत्र में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी संगठन सरकार को घेरना चाहता है।
मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम में 24 नवंबर को मरौदा-रिसाली में भूमिपूजन एवं लोकार्पण का कार्यक्रम शामिल है
अब देखने वाली बात यह होगी कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान युवा कांग्रेस अपना विरोध दर्ज करा पाती है या पुलिस की कार्रवाई के चलते विरोध प्रदर्शन पहले ही थम जाएगा।








