दुर्ग। जनपद पंचायत दुर्ग परिसर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं जनपद पंचायत के प्रथम अध्यक्ष दाऊ ढाल सिंह दिल्लीवार की प्रतिमा के चबूतरे पर टॉयलेट सीटें रखे जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया। सर्व समाज एवं दिल्लीवार समाज के विरोध और आंदोलन के बाद जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रकाश मेश्राम ने लिखित रूप में आंदोलनकारियों के समक्ष माफी मांगी। साथ ही अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

आंदोलन के दौरान अधिकारियों की ओर से तत्काल प्रतिमा के आसपास साफ-सफाई की व्यवस्था कराई गई। सीईओ प्रकाश मेश्राम ने आश्वासन दिया कि समाज के मांग के अनुरूप प्रतिमा परिसर का रिनोवेशन कराया जाएगा। प्रतिमा के चारों ओर ग्रिल लगाई जाएगी, ताकि मुख्य मार्ग से ही प्रतिमा स्पष्ट रूप से दिखाई दे और परिसर की गरिमा बनी रहे। उन्होंने भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने देने का भी आश्वासन दिया।

समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं जिले के ऐतिहासिक व्यक्तित्व के सम्मान से जुड़ी इस तरह की घटना स्वीकार्य नहीं है। शासकीय परिसरों में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं का सम्मान और संरक्षण प्रशासन की जिम्मेदारी है।
ये सामाजिक प्रतिनिधि रहे उपस्थित
इस दौरान दिल्लीवार समाज के केंद्रीय महामंत्री ललित देशमुख, केंद्रीय युवा अध्यक्ष हेमंत देशमुख, पूर्व जनपद सभापति विक्की मिश्रा, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष कृष्ण देशमुख, पूर्व अध्यक्ष नगर इकाई भारतेंदु गौतम, गुलशन दिल्लीवार, दीपांकर साहू, मोना, बंटी देशमुख, अनिल देशमुख, सूरज पारधी, अहमद चौहान, गुरदीप भाटिया, लोकेन्द्र वर्मा, यशवंत देशमुख, शुभम देशमुख, हेमंत साहू, युवराज देशमुख, तुषार देशमुख, राजा देशमुख, धर्मेंद्र देशमुख, उपेंद्र देशमुख सहित अन्य सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








