सीएम के कार्यक्रम में महज 10 लोगों को पट्टा मिलने की चर्चा, वर्षों से इंतजार कर रहे परिवारों में नाराजगी; टाउनशिप से घनी आबादी वाले वार्डों तक बदल सकता है चुनावी गणित
रिसाली। नगर निगम रिसाली में पट्टे का मुद्दा अब राजनीतिक प्रतिष्ठा की लड़ाई बनता जा रहा है। वर्षों से पट्टे की आस लगाए बैठे परिवारों के सामने सवाल है कि आखिर वे अपनी समस्या लेकर जाएं तो जाएं कहां? केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने के बावजूद यदि पट्टे की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है, तो इसका असर पार्टी की राजनीतिक पकड़ पर पड़ना तय माना जा रहा है।
24 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के रिसाली दौरे से लोगों को बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन सामने आ रही जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम में महज 10 लोगों को ही पट्टा दिया गया। हालांकि इस आंकड़े की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। ऐसे में वर्षों से इंतजार कर रहे परिवारों में निराशा और असमंजस की स्थिति है।
भाजपा के लिए प्रतिष्ठा, कांग्रेस के लिए मौका
पट्टे का मुद्दा भाजपा के लिए नाक का सवाल बन गया है। सत्ता में होने के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिलना पार्टी के लिए चुनौती है। वहीं कांग्रेस इसे भाजपा को घेरने के बड़े राजनीतिक अवसर के रूप में देख सकती है। लेकिन जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अपने अधिकारों का ठोस समाधान चाहती है।
टाउनशिप में कांग्रेस का दबदबा, रहवासियों को भविष्य की चिंता
रिसाली के सेक्टर और बीएसपी टाउनशिप इलाकों में कांग्रेस का दबदबा माना जाता है। यहां बीएसपी कर्मियों और लाइसेंसधारियों को किराया, लीज राशि और लाइसेंस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। राज्य शासन और बीएसपी प्रबंधन के बीच बैठक के बाद कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन चुनाव के बाद फिर परिस्थितियां बदलने की आशंका से रहवासियों में संशय बना हुआ है।
टाउनशिप के कई वार्डों में कांग्रेस मजबूत मानी जा रही है, जबकि निगम के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पट्टा और अन्य स्थानीय मुद्दे भाजपा के लिए नुकसान का कारण बन सकते हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे से भाजपा में जोश, क्या वोट में बदलेगा?
मुख्यमंत्री के आगमन से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह जरूर बढ़ा है। विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के जरिए पार्टी ने अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश की है। लेकिन बड़ा सवाल यही है कि क्या यह उत्साह मतदाताओं के वोट में तब्दील होगा?
रिसाली में फिलहाल मतदाता ऊहापोह में हैं। भाजपा के सामने सत्ता में रहते हुए जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की चुनौती है, तो कांग्रेस के सामने इस नाराजगी को जनसमर्थन में बदलने की परीक्षा। पट्टे का समाधान किसके पक्ष में राजनीतिक माहौल बनाएगा और मुख्यमंत्री का दौरा भाजपा के लिए कितना फायदेमंद साबित होगा, इसका जवाब आने वाला चुनाव देगा।







