
बालोद। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पुरैना स्थित श्री श्री शिव मंदिर के वार्षिक महोत्सव कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ललित चंद्राकर ने ससम्मान भाग लिया। इस धार्मिक आयोजन के दौरान विधायक चंद्राकर ने विधिपूर्वक भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की।
वार्षिक महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीणजन शामिल हुए, जिन्होंने भक्ति भाव से भोलेनाथ के दर्शन किए। कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ ग्रामवासियों में सामाजिक एकता को बढ़ावा देना भी रहा। विधायक चंद्राकर ने आयोजन समिति के कार्यों की सराहना की और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति और तेज की जाएगी।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और ऐसे आयोजनों से गांव की संस्कृति व परंपराएं जीवित रहती हैं। उन्होंने मंदिर प्रांगण के सौंदर्यीकरण और अन्य आवश्यक विकास कार्यों के लिए यथासंभव सहयोग देने की बात भी कही।
शिव मंदिर महोत्सव के अंतर्गत भजन संध्या, प्रसाद वितरण और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा और आस्था का वातावरण बना रहा।








