दुर्ग। जिले के पंचायत सचिव अपनी विभिन्न लंबित समस्याओं के निराकरण नहीं होने से नाराज हैं। प्रदेश पंचायत सचिव संघ की जिला इकाई दुर्ग ने जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपकर 7 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो जिले के सभी पंचायत सचिव आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, 25 जून को आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मांगों का निराकरण नहीं होने की स्थिति में 3 जुलाई को जिला मुख्यालय में एक दिवसीय रैली एवं धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर 8 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
पंचायत सचिवों ने ज्ञापन में एनपीएस, वेतन संबंधी विसंगतियों, भत्तों के भुगतान तथा अन्य लंबित प्रशासनिक मांगों का उल्लेख करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है। संघ का कहना है कि लंबे समय से विभिन्न समस्याएं लंबित हैं, जिससे सचिवों में असंतोष बढ़ रहा है।
संघ ने प्रशासन से मांग की है कि पंचायत सचिवों के हितों से जुड़े मामलों पर त्वरित निर्णय लिया जाए, ताकि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
3 जुलाई को शक्ति प्रदर्शन, 8 जुलाई से हड़ताल की तैयारी यदि प्रशासन द्वारा समय रहते मांगों का समाधान नहीं किया गया तो जिले भर के पंचायत सचिव एकजुट होकर पहले धरना-प्रदर्शन और बाद में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। इससे पंचायतों में शासकीय कार्य प्रभावित होने की संभावना भी जताई जा रही है।








