Dhaara News

विधायक के नए दावे से बढ़ा सस्पेंस, अब दुर्ग ग्रामीण तक पहुंची लोहा चोरी मामले की आंच, ‘रसमड़ा की किस फैक्ट्री’ की बात? नाम उजागर नहीं, सवालों का दौर शुरू

 

दुर्ग। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से कथित रूप से चोरी हुए लोहे को लेकर एक और बड़ा दावा किया है। अपने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि “सूत्रों के अनुसार बीएसपी का चोरी किया हुआ लोहा रसमड़ा की एक फैक्ट्री में मिला, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।” हालांकि उन्होंने स्वयं यह भी स्वीकार किया है कि “मेरे पास पुख्ता सबूत नहीं हैं।”

विधायक ने अपने पोस्ट में दावा किया कि यदि उनके पास पुख्ता सबूत आ गए तो छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार किसी बड़े अधिकारी की गिरफ्तारी हो सकती है। साथ ही उन्होंने यह भी लिखा कि वे सबूत जुटाने में लगे हैं और राष्ट्रीय संपत्ति की कथित लूट में शामिल लोगों को नहीं छोड़ा जाएगा।

विधायक के इस बयान के बाद अब इस पूरे मामले की चर्चा दुर्ग ग्रामीण विधानसभा तक पहुंच गई है। इसकी वजह यह है कि रसमड़ा औद्योगिक क्षेत्र, दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। ऐसे में स्थानीय उद्योगों और कारोबारियों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि विधायक ने जिस “रसमड़ा की फैक्ट्री” का जिक्र किया है, वह आखिर कौन-सी फैक्ट्री है? अभी तक न तो किसी कंपनी का नाम सार्वजनिक किया गया है और न ही किसी औद्योगिक इकाई की पहचान स्पष्ट की गई है। इससे पूरे मामले पर रहस्य और गहरा गया है।

विधायक के पोस्ट में सीसीटीवी फुटेज हटाने, सीडीआर से डेटा मिटाने और करोड़ों रुपये के कथित लेन-देन जैसी गंभीर बातें भी लिखी गई हैं। लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी स्वीकार किया है कि उनके पास फिलहाल इन दावों के पुख्ता सबूत नहीं हैं।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या विधायक अपने दावों के समर्थन में कोई ठोस दस्तावेज या साक्ष्य सार्वजनिक करेंगे, या फिर संबंधित जांच एजेंसियां इस मामले में स्वतः संज्ञान लेकर जांच शुरू करेंगी।

फिलहाल यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन चुका है। यदि आरोपों के समर्थन में साक्ष्य सामने आते हैं, तो यह प्रदेश के सबसे चर्चित औद्योगिक मामलों में से एक बन सकता है। वहीं यदि पर्याप्त प्रमाण नहीं मिलते हैं, तो इन दावों पर भी सवाल उठना स्वाभाविक होगा।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment