भिलाई। भिलाई स्थित शिवालिक फैक्ट्री में कार्य के दौरान एक श्रमिक की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बोरई निवासी अशोक कुर्रे शिवालिक फैक्ट्री में शीट फिटिंग का कार्य करता था। शुक्रवार को वह फैक्ट्री की छत पर चढ़कर शीट लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह काफी ऊंचाई से सीधे जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के समय फैक्ट्री में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने गंभीर रूप से घायल अशोक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और फैक्ट्री प्रबंधन से उचित मुआवजे की मांग करने लगे।
बताया जा रहा है कि अशोक करीब दो सप्ताह पहले ही शिवालिक फैक्ट्री में काम पर लगा था। उसकी मूल ड्यूटी जमीन पर कार्य करने की थी, लेकिन घटना वाले दिन वह ऊंचाई पर शीट फिटिंग का कार्य कर रहा था।
सुरक्षा उपकरणों की कमी बनी हादसे की वजह?
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय श्रमिक ने सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण नहीं पहन रखे थे। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या फैक्ट्री प्रबंधन ने ऊंचाई पर कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन कराया था या नहीं। यदि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे, तो यह गंभीर लापरवाही मानी जा सकती है।
पुलिस कर रही जांच
भिलाई-तीन पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा केवल संतुलन बिगड़ने से हुआ या फिर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही भी इसकी वजह रही। जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








