सावन के तृतीय सोमवार और नाग पंचमी के शुभ संयोग पर होगा भव्य आयोजन, हजारों शिवभक्तों के शामिल होने की उम्मीद
दुर्ग। सावन के तृतीय सोमवार एवं पावन नाग पंचमी के शुभ अवसर पर 17 अगस्त 2026 (सोमवार) को जनपद पंचायत दुर्ग क्षेत्र में जनपद स्तरीय विराट शिव दर्शन कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। शिव दर्शन कांवरिया समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक यात्रा में जनपद क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल होंगे।
समिति के संयोजक एवं जनपद सदस्य ढालेश साहू ने बताया कि इस वर्ष सावन सोमवार और नाग पंचमी का शुभ संयोग आयोजन को विशेष धार्मिक महत्व प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि सभी ग्रामों से शिवभक्त अपने-अपने ग्राम के शीतला प्रांगण अथवा निर्धारित स्थल से प्रातः 6 बजे कांवड़ यात्रा प्रारंभ करेंगे। यात्रा का समापन भरदा बागीचा स्थित चंगोरी घाट शिव मंदिर में होगा, जहां भगवान भोलेनाथ का पवित्र जलाभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात महाआरती एवं महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन होगा।
ढालेश साहू ने बताया कि यात्रा के दौरान शिवभजन-कीर्तन, “हर-हर महादेव” के जयघोष, कांवड़ एवं धार्मिक ध्वजों के साथ श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव से शामिल होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फलाहार एवं शीतल पेयजल की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित कांवड़ यात्रा में एक हजार से अधिक शिवभक्त शामिल हुए थे। इस बार आयोजन को जनपद स्तरीय स्वरूप दिया गया है, जिससे अधिकाधिक ग्रामों के श्रद्धालुओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
समिति की ओर से जनपद पंचायत दुर्ग के समस्त जनपद सदस्यों, सरपंचों, पंचों, युवाओं, माताओं-बहनों एवं शिवभक्तों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा इस भव्य धार्मिक आयोजन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने में सहभागिता निभाएं।








