Dhaara News

दशहरा मेले से पहले शराब की बड़ी खेप बरामद, 5.06 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

 जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त की है। पुलिस ने कोड़ेनार थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान मध्य प्रदेश की 75 पेटी शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 6 हजार 250 रुपये बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, जब्त शराब को दशहरा मेले में बेचने के लिए जमा किया गया था।

छापेमारी में मिली 75 पेटी अंग्रेजी शराब

यह कार्रवाई कोड़ेनार थाना क्षेत्र के ग्राम मावलीभाटा के जहाजभाटा पारा में की गई। पुलिस को अवैध शराब जमा किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां से 75 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।जब्त खेप में गोवा व्हिस्की की 3,750 बोतलें शामिल हैं। पुलिस ने शराब की कुल अनुमानित कीमत 5,06,250 रुपये बताई है।

दशहरा मेले में खपाने की थी तैयारी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दुलगो कवासी ने शराब अपने घर में जमा कर रखी थी। आरोप है कि इसे दशहरा मेले के दौरान बेचने की योजना थी। पुलिस ने शराब जब्त करने के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी

कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस अब इस मामले में शराब की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment