Dhaara News

CG News: मुर्गा नहीं बनाया तो पति ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, कमरे के अंदर इस हाल में मिली पत्नी

CG News: बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के जोकापाठ के लालदरा गांव में मुर्गा नहीं बनाने की बात को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने मामले में आरोपी पति रमेश कोरवा को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सरई लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया है. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

पुलिस ने क्या बताया ?

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सोमारू साय ने सूचना दी थी कि उसकी बेटी दुखनी बाई लालदरा मोहल्ले में अपने पति रमेश कोरवा के साथ रहती थी. गांव के लोगों से उसे जानकारी मिली कि रमेश ने दुखनी बाई के साथ मारपीट की है, जिससे उसकी मौत हो गई. सूचना पर वह मौके पर पहुंचा तो घर के कमरे में दुखनी बाई मृत अवस्था में पड़ी थी. उसके सिर और पेट पर चोट के निशान थे.

शराब पीने के बाद हुआ विवाद

मृतका की सास ने पुलिस को बताया कि घटना से एक दिन पहले रमेश और दुखनी ने हड़िया शराब बनाई थी और दोनों ने उसका सेवन किया था. शाम करीब चार से पांच बजे के बीच रमेश ने दुखनी से मुर्गा बनाने के लिए कहा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर रमेश ने पत्नी के साथ मारपीट की और घर से फरार हो गया. बाद में दुखनी की मौत हो गई.

सिर और पेट पर किया हमला

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी रमेश कोरवा पिता टिमला, उम्र 28 वर्ष, की तलाश शुरू की. पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने पत्नी द्वारा मुर्गा नहीं बनाने और विवाद करने से नाराज होकर सरई लकड़ी के डंडे से उसके सिर और पेट पर हमला करने की बात स्वीकार की.

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल सरई लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. कार्रवाई में थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह, उप निरीक्षक बसंत एक्का, आरक्षक बबलू बेक सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे.

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment