बलरामपुर। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बीते तीन दिनों से जारी बारिश और अतिवृष्टि को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 2 सितंबर 2026 को जिले के सभी स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। यह आदेश सरकारी के साथ निजी और अनुदान प्राप्त विद्यालयों पर भी लागू होगा।जिला शिक्षा अधिकारी ने 1 सितंबर की देर रात इस संबंध में आदेश जारी किया। कलेक्टर की अनुमति से जारी आदेश में खराब मौसम और विद्यार्थियों की सुरक्षा को स्कूल बंद करने की मुख्य वजह बताया गया है।
भारी बारिश के बीच नदी-नालों का बढ़ा जलस्तर
लगातार बारिश के कारण जिले के कई नदी और नाले उफान पर हैं। ग्रामीण तथा दूरदराज के क्षेत्रों में आवागमन भी प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने भी जिले में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।ऐसे हालात में विद्यार्थियों का स्कूल तक पहुंचना जोखिम भरा हो सकता है। खासकर उन इलाकों में परेशानी अधिक बढ़ गई है, जहां रास्तों पर पानी भरने या नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने से आवागमन प्रभावित होने की आशंका है।
जर्जर स्कूल भवनों को लेकर भी चिंता
लगातार बारिश के बीच जिले के कुछ सरकारी स्कूल भवनों की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। ऐसे में खराब मौसम के दौरान बच्चों को स्कूल बुलाना सुरक्षा की दृष्टि से उचित नहीं माना गया। बारिश के कारण कई विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति भी प्रभावित हो रही थी।
सरकारी से निजी स्कूल तक सभी रहेंगे बंद
प्रशासन का आदेश जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों और संस्था प्रमुखों को आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।यानी 2 सितंबर को बलरामपुर जिले में स्कूलों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होंगी। फिलहाल प्रशासन ने यह छुट्टी केवल एक दिन के लिए घोषित की है। मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे कोई नया आदेश जारी होता है या नहीं, इस पर भी अभिभावकों और विद्यार्थियों की नजर रहेगी।






