दुर्ग/अहिवारा। छत्तीसगढ़ की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन हो गया है। उन्होंने हैदराबाद के एक अस्पताल में 78 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और फेफड़ों से संबंधित समस्या के चलते उनका उपचार जारी था। उनके निधन की खबर से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र सहित भाजपा संगठन और राजनीतिक जगत में शोक की लहर है।
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का जन्म वर्ष 1948 में हुआ था। उन्होंने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से वर्ष 1985 में राजनीति विज्ञान में एमए की उपाधि प्राप्त की थी। इसके साथ ही उन्होंने बीएड की डिग्री भी हासिल की थी। राजनीति में आने से पहले वे शिक्षा, सरकारी सेवा और कृषि क्षेत्र से जुड़े रहे। सतनामी समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही।








