Dhaara News

नेवई खदानपारा में जुआरियों का अड्डा, पुलिस की रेड में 5 गिरफ्तार; 7,600 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त

 

दुर्ग। त्योहारी सीजन के बीच सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में नेवई थाना पुलिस ने खदानपारा स्थित निषाद लकड़ी टाल के पीछे जुआ खेलते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 7,600 रुपये नकद तथा 52 पत्ती ताश जब्त की है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को नेवई थाना पुलिस की टीम शासकीय वाहन से टाउन पेट्रोलिंग पर निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नेवई खदानपारा में निषाद लकड़ी टाल के पीछे सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग 52 पत्ती ताश के जरिए रुपये-पैसों का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं।

सूचना पर थाना प्रभारी को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी मौके से भाग निकले, जबकि घेराबंदी कर पांच लोगों को पकड़ लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों में उजाला कुमार प्रजापति उर्फ ज्वाला (28), दिलराम चौधरी (51), चंद्रशेखर गायकवाड़ (26), मुकेश प्रजापति (24) और शिवेंद्र प्रजापति उर्फ जूनि (26) शामिल हैं। इनमें चार आरोपी नेवई क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी ग्राम पिनकापार, जिला बालोद का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 2,700 रुपये तथा जुआ फड़ से 4,900 रुपये बरामद किए। इस तरह कुल 7,600 रुपये और 52 पत्ती ताश गवाहों के समक्ष जब्त की गई।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। मामला जमानतीय होने तथा आरोपियों द्वारा सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर उन्हें जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

पुलिस की पेट्रोलिंग के बावजूद सक्रिय हैं जुआरी

नेवई खदानपारा में हुई इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने की गतिविधियां पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों के मौके से भागने की जानकारी भी सामने आई है। अब देखना होगा कि पुलिस की आगे की कार्रवाई में फरार जुआरियों की पहचान कर उन पर भी शिकंजा कसा जाता है या नहीं।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment