दुर्ग। अण्डा थाना क्षेत्र के ग्राम विनायकपुर में सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना 25 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान इन्द्रजीत पटेल पिता नंदलाल पटेल, निवासी आवासपारा, ग्राम आमटी, थाना अण्डा के रूप में हुई है।
पुलिस से प्राप्त मर्ग जांच विवरण के अनुसार, इन्द्रजीत पटेल अपने दोस्त से मिलने ग्राम विनायकपुर गया हुआ था। रात में विनायकपुर तालाब की ओर से पैदल वापस विनायकपुर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान विनायकपुर से खप्परवाड़ा जाने वाले मुख्य मार्ग पर तालाब के पास मोटरसाइकिल क्रमांक CG 24 N 7497 (पैशन) के चालक ने तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से उसे टक्कर मार दी और मौके से चला गया।
हादसे के बाद डायल 112 की सहायता से घायल युवक को शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के वार्ड बॉय प्रमोद रामटेके की सूचना पर 25 अक्टूबर की रात सिटी कोतवाली दुर्ग में मर्ग सूचना दर्ज की गई थी।
इसके बाद 26 अक्टूबर 2026 को मर्ग डायरी अण्डा थाना पहुंचने पर पुलिस ने जिला अस्पताल दुर्ग की मरचुरी में मृतक के शव का पंचनामा किया और चश्मदीद गवाहों के बयान दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस की मर्ग जांच में मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) एवं मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध घटित होना पाया गया है। मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।








