Dhaara News

अंजोरा (ढाबा) पंचायत में 4 इंच मोटाई की सीसी रोड निर्माण पर उठे सवाल, कलेक्टर से जांच की मांग

 

निर्माण में घटिया सामग्री और निर्धारित मानकों की अनदेखी का आरोप, ग्रामीण ने तकनीकी जांच कर भुगतान रोकने की उठाई मांग

 

दुर्ग। जिले के ग्राम पंचायत अंजोरा (ढाबा) में कराए जा रहे सीसी रोड (सीमेंट कांक्रीट सड़क) निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए महज 4 इंच मोटाई की सीसी रोड बनाए जाने तथा घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में ग्रामीण ने 4 नवंबर 2026 को जिला कलेक्टर दुर्ग के समक्ष जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत कर मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

 

कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत अंजोरा (ढाबा) में सरपंच और सचिव की देखरेख में कराए जा रहे सीसी रोड निर्माण में तकनीकी स्वीकृति और सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य नहीं हो रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि सड़क की मोटाई निर्धारित मापदंडों से कम रखी जा रही है। इसके अलावा निर्माण में घटिया गुणवत्ता की सीमेंट, रेत और गिट्टी के इस्तेमाल की भी आशंका जताई गई है।

 

*तकनीकी जांच के बाद ही हो भुगतान*

 

शिकायतकर्ता ने जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति जानने के लिए किसी स्वतंत्र जांच दल अथवा इंजीनियर को मौके पर भेजकर तकनीकी निरीक्षण कराया जाए। सड़क की मोटाई, निर्माण सामग्री और गुणवत्ता की जांच होने तक निर्माण कार्य के भुगतान पर तत्काल रोक लगाई जाए।

 

*सरपंच-सचिव और उप अभियंता की जवाबदेही तय करने की मांग*

 

आवेदन में निर्माण कार्य से जुड़े सरपंच, सचिव और संबंधित उप अभियंता की भूमिका की जांच कर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर उचित दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।

 

अब देखना होगा कि जिला प्रशासन जनदर्शन में प्राप्त इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या मौके पर स्वतंत्र तकनीकी जांच कराकर निर्माण की गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति सामने लाई जाती है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो सरकारी राशि के दुरुपयोग और निर्माण कार्य में जिम्मेदारों की भूमिका पर भी कार्रवाई का सवाल उठेगा।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment