रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के प्रमुख सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस मामले में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि महादेव सट्टा एप का मामला प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक जुड़ा हुआ है। सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बावजूद रवि उप्पल और शुभम सोनी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। आखिर इनकी गिरफ्तारी कब होगी और इन्हें भारत व रायपुर कब लाया जाएगा?
प्रेसवार्ता के दौरान दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा ने महादेव सट्टा एप के मामले को राजनीतिक लाभ लेने के लिए इस्तेमाल किया। शुभम सोनी के वीडियो और तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर लगाए गए आरोपों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान मंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक इस मुद्दे पर बयान देते रहे, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद सरकार की कार्रवाई ठप पड़ गई है।
कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुई थी कार्रवाई
दीपक बैज ने दावा किया कि महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के खिलाफ कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि इस मामले में 72 से अधिक एफआईआर दर्ज की गई थी। एप को गूगल से हटाने की कार्रवाई भी कांग्रेस सरकार के दौरान की गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि रायपुर पुलिस की अर्जी पर रवि उप्पल के खिलाफ सर्कुलर जारी कराने की पहल तत्कालीन सरकार ने की थी।
तीन साल में सट्टा एप पर रोक लगाने क्या किया?
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भाजपा सरकार से सवाल किया कि पिछले तीन वर्षों में महादेव सट्टा एप को पूरी तरह बंद कराने के लिए क्या कदम उठाए गए? कितनी एफआईआर दर्ज की गईं और प्रधानमंत्री कार्यालय को कितनी बार पत्र लिखा गया? उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी महादेव सट्टा एप सोशल मीडिया के जरिए संचालित हो रहा है। बैज ने महादेव एप के अलावा महाकाल बुक, जन्नत बुक, राजवीर ऑनलाइन, लोटस 365, अलीबाबा बुक, खेलों यार, लायल बुक और डायवर्ड एक्स डॉट कॉम जैसे ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में जुआ और सट्टे का कारोबार फल-फूल रहा है और इन गतिविधियों से पैसा वसूला जा रहा है।
PMO तक जुड़े हैं महादेव एप के तार
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि महादेव सट्टा एप का मामला प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सट्टा एप से संबंधित गतिविधियां केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के दायरे में भी आती हैं, इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि रवि उप्पल और शुभम सोनी की गिरफ्तारी कब होगी? उन्हें भारत और रायपुर कब लाया जाएगा? बैज ने यह भी आरोप लगाया कि महादेव सट्टे से मिलने वाला पैसा भाजपा के एक विधायक के जरिए दिल्ली तक पहुंच रहा है। उन्होंने ललित मोदी और हिरव मोदी को वापस लाने को लेकर भी सरकार से सवाल किया।
सरकार पर सट्टेबाजी को संरक्षण देने का आरोप
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार महादेव सट्टा एप को रोकने के बजाय उसे बढ़ावा दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में ऑनलाइन जुआ और सट्टे का कारोबार लगातार फैल रहा है। बैज ने कहा कि महादेव सट्टा एप के खिलाफ मौजूदा सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है और अब तक की कार्रवाई का आधार कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में दर्ज मामले ही हैं।
प्रदीप मिश्रा, PMO अधिकारी और विकास गर्ग को बैठाकर हो पूछताछ
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कथा वाचक प्रदीप मिश्रा, PMO के अधिकारियों और विकास गर्ग को एक साथ बैठाकर पूछताछ करने की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि जांच के दायरे में PMO के अधिकारियों को शामिल करने की मांग क्या भाजपा सरकार करेगी? प्रेसवार्ता में दीपक बैज से जब पूछा गया कि क्या कथा वाचक प्रदीप मिश्रा से भी पूछताछ होनी चाहिए तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि प्रदीप मिश्रा, PMO के अधिकारी और विकास गर्ग को एक साथ बैठाकर पूछताछ की जाए। साथ ही यह भी जांच होनी चाहिए कि भाजपा के किन नेताओं का इस मामले से कनेक्शन है और किनका आरोपियों को संरक्षण प्राप्त है।
‘दाल में कुछ काला तो है’
बैज ने आरोप लगाया कि मौजूदा मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस मामले को अलग दिशा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच अभी बाकी है, लेकिन क्या सरकार PMO के अधिकारियों से भी पूछताछ की मांग करेगी? कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अंत में कहा कि महादेव सट्टा एप मामले में कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। उन्होंने आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि कहीं न कहीं दाल में कुछ काला जरूर है।








