Dhaara News

नगपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को 50 बिस्तर सिविल अस्पताल बनाने की मांग, कलेक्टर जनदर्शन में सौंपा आवेदन

 

दुर्ग। दुर्ग विकासखंड के ग्राम नगपुरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को 50 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल में उन्नयन करने की मांग उठने लगी है। इस संबंध में 4 नवंबर 2026 को कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन सौंपकर जिला प्रशासन से आवश्यक पहल करने की मांग की गई है।

 

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि नगपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को 50 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल में उन्नयन किए जाने से आसपास के लगभग 30 से 40 गांवों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। वर्तमान में गंभीर मरीजों को उपचार के लिए दुर्ग अस्पताल ले जाना पड़ता है। इस दौरान बघेरा रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेनों के आवागमन के कारण कई बार लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है, जिससे मरीजों को समय पर उपचार मिलने में परेशानी होती है।

 

*रात्रिकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं का भी मिलेगा लाभ*

 

आवेदन में अस्पताल के उन्नयन से रात्रिकालीन चिकित्सा स्टाफ की उपलब्धता, 108 एंबुलेंस और 102 महतारी एक्सप्रेस जैसी आपातकालीन सेवाओं का बेहतर लाभ मिलने की बात कही गई है। साथ ही नगपुरा क्षेत्र में जरूरत के अनुसार ग्राम अंजोरा आयुर्वेद चिकित्सालय, धमधा नाका रेलवे स्टेशन और जिला चिकित्सालय दुर्ग में उपलब्ध 102 महतारी एक्सप्रेस सेवाओं का भी उल्लेख किया गया है। आवेदनकर्ता का कहना है कि इन सुविधाओं के माध्यम से आपात स्थिति में एक घंटे के भीतर नगपुरा पहुंचकर मरीजों को सेवा उपलब्ध कराई जा सकती है।

 

*शासन के आदेश का दिया हवाला*

 

मांग के समर्थन में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर के आदेश क्रमांक 11-35/2023/17 दिनांक 10 जनवरी 2024 का भी संदर्भ दिया गया है। आवेदन में इसी आधार पर नागपुरा स्वास्थ्य केंद्र को 50 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल में उन्नयन करने का आग्रह किया गया है।

 

आवेदन में जिला प्रशासन से मांग की गई है कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, आबादी और स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता को देखते हुए नगपुरा में 50 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल की स्थापना के लिए शासन स्तर पर पहल की जाए।

 

अब देखना होगा कि आसपास के 30 से 40 गांवों की स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी इस मांग पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग क्या कदम उठाते हैं।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment