बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर कार्रवाई की है। बिलासपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब के अमृतसर में दबिश देकर हेरोइन (चिट्टा) सप्लाई करने के आरोपी मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही है।
तकनीकी इनपुट के आधार पर अमृतसर पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पहले गिरफ्तार किए गए एक आरोपी से पूछताछ और साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर मुख्य सप्लायर का पता चला।इसके बाद एसीसीयू बिलासपुर और सकरी थाना पुलिस की विशेष टीम पंजाब भेजी गई। स्थानीय पुलिस की मदद से महेंद्रा एवेन्यू, सुल्तान विंड, अमृतसर निवासी रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू को गिरफ्तार कर लिया गया।
दीपक वालिया की गिरफ्तारी के बाद मिला था सुराग
इस मामले की कड़ी 24 अक्टूबर को सकरी थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई से जुड़ी है। उस दिन पुलिस ने उसलापुर बाजार के पास से दीपक वालिया (32 वर्ष) को पकड़ा था। वह मूल रूप से अमृतसर का निवासी है और फिलहाल उसलापुर, बिलासपुर में रह रहा था।पुलिस ने उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन बरामद की थी, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये आंकी गई थी। इसके अलावा 10,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए थे।इस मामले में सकरी थाने में NDPS एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद दीपक वालिया को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था।
पूछताछ में रविंद्रजीत सिंह का नाम आया सामने
पुलिस के अनुसार, दीपक वालिया से पूछताछ और बिलासपुर साइबर सेल के तकनीकी विश्लेषण में हेरोइन की सप्लाई के तार अमृतसर निवासी रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू से जुड़े मिले। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम ने पंजाब में कार्रवाई की।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बिलासपुर लाया गया। यहां सकरी थाना पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस के मुताबिक, उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
संयुक्त पुलिस टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शिंदे, एएसआई सुरेंद्र तिवारी, राजेश्वरधर दीवान और एसीसीयू के आरक्षक राकेश यादव तथा रमेश यादव शामिल रहे।पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य लोगों और हेरोइन की सप्लाई के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।







